देहरादून: उत्तराखंड में अगले 24 घंटे के दौरान मौसम का मिजाज बदलने की संभावना बन रही है। इससे देहरादून समेत गढ़वाल एवं कुमाऊं के कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही ओलावृष्टि भी होने की संभावना है।
गुरुवार की सुबह से ही समूचे उत्तराखंड में अधिकांश स्थानों पर बादल छाए हैं। इससे मौसम के करवट बदलने की संभावना बनी हुई है। पिछले दिनों चटख धूप के चलते तापमान में भी बढ़ोत्तरी होने लगी। इससे पहाड़ों में जहां राहत मिली, वहीं मैदानी क्षेत्रों में गर्मी महसूस होने लगी। अभी फिर से मौसम के बदलने से फिर तापमान में गिरावट की संभावना भी व्यक्त की जा रही है।
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के अगले 24 घंटों में देहरादून, उत्तरकाशी, पौड़ी, पिथौरागढ़ एवं नैनीताल जिलों के पर्वतीय क्षेत्रों में कही-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है। दून का अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 28 एवं 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
वहीं, बुधवार की बात करें तो दून एवं आसपास के क्षेत्रों में धूप खिली रही। अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री अधिक 33.7 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 14.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बुधवार को राज्य के जसपुर में तापमान सबसे अधिक 34.9 डिग्री सेल्सियस व सबसे कम अल्मोड़ा जिले के मटेला में 5.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
Young Organiser