जम्मू, 21 फरवरी (Young Organiser Jammu,( Kuldeep) भाजपा नेता कवींद्र गुप्ता ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह रविवार को जम्मू आएंगे और पुलवामा आतंकवादी हमले तथा उसके चार दिन बाद मुठभेड़ में शहीद हुए सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि देंगे। गुप्ता ने बताया कि भाजपा अध्यक्ष पुलवामा हमले और मुठभेड़ में शहीद हुए सुरक्षाकर्मियों को रविवार को यहां एक कार्यक्रम में श्रद्धांजलि देंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। उन्होंने अलगाववादियों और कुछ नेताओं की सुरक्षा वापस लिए जाने पर केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह और राज्यपाल सत्यपाल मलिक का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि सरकार को उन अन्य नेताओं के भी सुरक्षा कवर की समीक्षा करनी चाहिए जो राष्ट्रविरोधी बयान देकर हमेशा समाज में जहर घोलते हैं। पुलवामा में 14 फरवरी को जैश ए मोहम्मद के एक आत्मघाती हमलावर के हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गये थे। इसके बाद 18 फरवरी को दक्षिण कश्मीर में 16 घंटे तक चली मुठभेड़ में सेना के एक मेजर और चार अन्य सुरक्षाकर्मी वीरगति को प्राप्त हुए थे और जैश ए मोहम्मद के तीन आतंकवादी भी मारे गये थे। समझा जाता है कि पुलवामा हमले के पीछे इन्हीं तीनों आतंकवादियों का हाथ था।
Young Organiser