www.youngorganiser.com Jammu (Tawi) 180001 (J&K Union Territory) Updated, 9th Feb. 2021.Tue, 3:03 PM (IST) :Team Work: Siddharth,& Kapish Sharama, नयी दिल्ली: भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी ने ‘भारत के खिलाफ कुछ शक्तियों के सक्रिय’ होने और ‘अराजक तत्वों द्वारा गृह युद्ध उकसाने कोशिश’ करने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को दावा किया कि जब दुनिया कोरोना वायरस महामारी के संकट से पूरी तरह बाहर भी नहीं निकल पाई है, तब किसानों के नाम पर हो रहे प्रदर्शन की आड़ में लाल किले की घटना इस बात को स्पष्ट करते हैं । लेखी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान लोकसभा में कहा कि पूरी दुनिया में जिन कारणों से कोरोना वायरस फैला, उसकी चर्चा नहीं हो रही, डॉक्टर ली वेन लियांग की बात नहीं हो रही जिन्होंने वुहान से कोरोना वायरस की उत्पत्ति की बात की थी, उसे सार्स से खतरनाक बताया था और बाद में उनकी मौत हो गयी थी। भाजपा सांसद ने परोक्ष रूप से दिल्ली की सीमाओं पर चल रहे किसानों के प्रदर्शन की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘हम देश के एक कोने में बैठे कुछ मुट्ठी भर लोगों की बात कर रहे हैं जो आड़तिये हैं, अमीर लोग हैं। जो पैर मसाज करा रहे हैं, पिज्जा पार्टी कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि हम देख रहे हैं कि अराजक तत्व देश में गृह युद्ध की कोशिश कर रहे हैं। लेखी ने कहा कि पिछले वर्ष नागरिकता संशोधन कानून के बाद दिल्ली में दंगे हुए थे और उसी तरह की हिंसा 26 जनवरी को लाल किले पर हुई। उन्होंने कहा कि शहर एक ही है और एक जैसी घटनाएं घटना इस बात को स्पष्ट करते हैं कि देश को अंदर से आघात पहुंचाने का प्रयास हो रहा है । उन्होंने स्वीडिश कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग की भारत के संबंध में की गयी टिप्पणी का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘ दुनिया को एक देश से पैदा हुई महामारी से नुकसान की बात करनी चाहिए, लेकिन दुनिया भारत में किसानों के नाम पर हो रहे प्रदर्शन की बात कर रही है।’’ भाजपा सांसद ने कहा कि गत वर्ष 24 फरवरी को तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भारत यात्रा से पहले दिल्ली में दंगे कराके दुनिया में भारत की छवि खराब करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि एक नयी तरह का युद्ध छेड़ा जा रहा है और भारत के खिलाफ कुछ शक्तियां काम कर रही हैं। लेखी ने कहा कि ऑक्सफोर्ड ने 2021 में ‘आत्मनिर्भरता’ शब्द चुना है और उसे ‘‘2022 के लिए ’पप्पू’ शब्द चुनना चाहिए’’।
Young Organiser