Breaking News
lieutenant-governor-manoj-sinha-hoisted-the-national-flag-on-republic-day-2021-26th-jan-tuesday.jpg

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया

www.youngorganiser.com ….जम्मू कश्मीर की हवाओं में संतों के स्वर गूंजते हैं और इसके पर्वतों में सूफी संगीत बसता है। इसकी मिट्टी में कला है इसकी नदियों में कमल जैसा प्रकाश है। उपराज्यपाल ने कहा कि कल्हण ने लिखा है मैंने ऐसा नगर नहीं देखा, जहां के आकाश में ग्रह स्पष्ट रूप से दिखते हों…

Jammu (Tawi) 180001 (J&K Union Territory) Updated, 26th, Jan. 2021. Tue, 12:59 PM (IST) : Team Work: Sampada Kerni , Siddharth & Kapish Sharma

…गणतंत्र दिवस के अवसर पर मैं पुलिस और सुरक्षा बलों के शहीद कर्मियों की बहादुरी के आगे शीश झुकाता हूं… सिन्हा

….. बी.एस.एफ ने जम्मू में भारत-पाकिस्तान सीमा पर 131 फुट ऊंचा तिरंगा फहराया….

 ….. कश्मीर में मनाया गया गणतंत्र दिवस समारोह……

जम्मू: उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया व केंद्र शासित प्रदेश एवं देश के सभी नागरिकों को शुभकामनाएं भी दी। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को कहा कि गांवों और शहरों में रहने वाले सभी लोगों ने अपनी एवं राष्ट्र की आकांक्षा को पूरा करने के लिए एक नये जम्मू कश्मीर का निर्माण शुरू कर दिया है। उपराज्यपाल ने सभी नागरिकों को भरोसा दिलाया कि पड़ोसी देश के नापाक मंसूबों को महान लोगों एवं योद्धाओं की इस धरती पर कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। मंगलवार को पूरे जम्मू क्षेत्र में पारंपरिक उत्साह के साथ 72 वां गणतंत्र दिवस मनाया गया। इस अवसर पर उपराज्यपाल ने जम्मू के मौलाना आजाद स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में राष्ट्रध्वज फहराया। उन्होंने परेड की सलामी ली व कहा 2020 जम्मू कश्मीर में अभूतपूर्व बदलाव का साल रहा है। परिवर्तन की एक निरंतर प्रक्रिया के जरिए नये जम्मू कश्मीर में प्रगति के बीज बोये गये हैं। उन्होंने कहा सुरक्षा एजेंसियों ने हिंसा को प्रभावी तरीके से नियंत्रित किया है और जो लोग इस छद्म युद्ध में अपने राजनीतिक मंसूबे पूरे करने की कोशिश कर रहे हैं उन्हें मुहंतोड़ जवाब दिया जाएगा। उन्होंने 12 वीं सदी की कल्हण राजतरंगिणी की पंक्तियों को उद्धृत करते हुए कहा जम्मू कश्मीर की हवाओं में संतों के स्वर गूंजते हैं और इसके पर्वतों में सूफी संगीत बसता है। इसकी मिट्टी में कला है इसकी नदियों में कमल जैसा प्रकाश है। उपराज्यपाल ने कहा कि कल्हण ने लिखा है मैंने ऐसा नगर नहीं देखा, जहां के आकाश में ग्रह स्पष्ट रूप से दिखते हों। उन्होंने कहा कि प्रसिद्ध सूफी संत अमीर खुसरों के इन शब्दों को भला कौन भूल सकता है, ‘‘अगर फ़िरदौस बर-रू-ए-ज़मीं अस्त ! हमीं अस्त ओ हमीं अस्त ओ हमीं अस्त। ’’ इसका अर्थ होता है, ‘‘यदि धरती पर कहीं स्वर्ग है, तो यहीं है, वह यहीं है, वह यहीं है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘गणतंत्र दिवस के अवसर पर मैं पुलिस और सुरक्षा बलों के शहीद कर्मियों की बहादुरी के आगे शीश झुकाता हूं। ’’

बी.एस.एफ ने जम्मू में भारत-पाकिस्तान सीमा पर 131 फुट ऊंचा तिरंगा फहराया: सीमा सुरक्षा बल ने मंगलवार को गणतंत्र दिवस के अवसर पर जम्मू जिले में भारत-पाकिस्तान की सीमा पर 131 फुट ऊंचा तिरंगा फहराया। बी.एस.एफ के अधिकारियों ने बताया कि 131 फुट ऊंचे स्तंभ पर 30 फुट चौड़ा 20 फुट ऊंचा तिरंगा लहरा रहा है जो जम्मू क्षेत्र में सबसे ऊंचा है। इसे पाकिस्तान की सीमा से भी देखा जा सकता है। उन्होंने बताया कि देश के 72वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर बीएसएफ के जम्मू फ्रंटियर के महानिरीक्षक एन. एस. जामवाल ने आर. एस. पुरा बेल्ट में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर ऑक्टरोई सीमा की अग्रिम चौकी पर उत्साह के साथ तिरंगा फहराया।

जम्मू के मौलाना आजाद स्टेडियम में: उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सुबह 10 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया और फिर परेड की सलामी ली जबकि शेरे कश्मीर स्टेडियम में उपराज्यपाल के सलाहकार बसीर अहमद खान तिरंगा फहराया। सभी जिला मुख्यालयों में भी गणतंत्र दिवस समारोह हो रहे हैं। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सभी प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्ष 2020 जम्मू कश्मीर में अमूल क्रांति का वर्ष रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सियासी षडयंत्र और नापाक साजिशों को कभी भी कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। जो लोग छद्म युद्ध के सहारे राजनीतिक उद्देश्य पूरा करने की कोशिश में जुटे हैं उनको मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में अमन और भाईचारा कायम करना सरकार की पहली प्राथमिकता है। उपराज्यपाल ने प्रदेश में हाल ही में बिना किसी हिंसा के हुए जिला विकास परिषद के सफलतापूर्वक चुनावों को एक बहुत बड़ी उपलब्धि करार दिया। उन्होंने कहा कि पिछले चुनावों के मुकाबले जिला विकास परिषद के चुनावों में रिकार्ड तोड़ मताधिकार का प्रयोग हुआ है। इसके लिए प्रदेश के सभी नागरिक बधाई के पात्र हैं। उन्होंने शांतिपूर्वक चुनाव करवाने के लिए केंद्रीय सुरक्षा बलों, सेना, पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को भी विशेष रूप से मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि डीडीसी चुनाव परिषद से चुनकर आए प्रतिनिधियों को प्रशासन की ओर से भरपूर सहयोग मिलेगा जिससे वे विकास कार्यों को गति दे सकेंगे। इससे पहले गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर उपराज्यपाल ने प्रदेश के लोगों के नाम अपने संदेश में कहा कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रदेश में जो कदम उठाए गए वह सराहनीय रहे। काेरोना अभी भी खत्म नहीं हुआ है इसलिए अभी भी रोकथाम के तमाम साधनों को अपनाना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि 28 हजार करोड़ रुपये की नई औद्योगिक योजना भी लाई गई है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 15 वर्षों तक पर्यटन प्रोत्साहन योजना लागू रखी जाएगी। प्रदेश में पन बिजली परियोजनाओं में 52 हजार करोड़ रूपये का निवेश किया गया। जम्मू और श्रीनगर में जल्द मेट्रो रेल दाैड़ेगी।

कश्मीर में मनाया गया गणतंत्र दिवस समारोह: मंगलवार को 72वां गणतंत्र दिवस मनाया गया और (कश्मीर) घाटी में मुख्य कार्यक्रम ‘शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम’ में आयोजित किया गया। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल के सलाहकार बसीर खान ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। खान ने राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद परेड की सलामी ली। हाड़ कंपा देने वाली ठंड की परवाह नहीं करते हुए पुलिस और सुरक्षा बलों की टुकड़ियों ने परेड में हिस्सा लिया और खान को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होने जा रहे सुरक्षा बल के एक जवान संभवत: ठंड लगने के चलते बेहोश हो गये। वह शेर-ए-कश्मीर मैदान में उस समय परेड शुरू होने की प्रतीक्षा कर रहे थे। जवान की पहचान जाहिर नहीं की गई है। उन्हें निकट के एक अस्पताल में ले जाया गया। उनके स्वास्थ्य में सुधार आने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। परेड के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अधिकारियों ने बताया कि घाटी के अन्य जिला मुख्यालयों और तहसीलों में भी इस अवसर पर कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा तैयारियों के मद्देनजर मोबाइल फोन पर इंटरनेट सेवा अस्थायी तौर पर निलंबित कर दी गई।

गणतंत्र दिवस पर जम्मू-कश्मीर पुलिस के 71 अफसरों और कर्मचारियों को बहादुरी और बेहतर काम करने के लिए सम्मानित किया गया: पुरस्कार तीन श्रेणियों में दिया गया। बहादुरी के लिए 52 पुलिस अधिकारियों और जवानों को पुलिस मेडल दिया गया। दो अधिकारियों को उल्लेखनीय सेवा के लिए सम्मानित किया गया। इनके अलावा 17 अधिकारियों और कर्मियों को उत्कृष्ट सेवा पदक दिया गया।

पुलिस मेडल पाने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मियों में डीआइजी मोहम्मद सुलेमान चौधरी, डीआइजी विधी कुमार बिर्दी, एसएसपी संदीप चौधरी, एसएसपी ताहिर सलीम खान, एसपी जीवी संदीप चक्रवर्ती, एसएसपी अब्दुल वाहिद शाह, फॉलोवर अब्दुल्ला, एसपी आशीष कुमार मिश्रा, डीएसपी फारूक अहमद भट्ट, डीएसपी तारिक मोहम्मद, डी.एस.पी तारिक महमूद, डी.एस.पी फैयाज हुसैन शाह, डी.एस.पी सज्जाद अहमद मलिक, डी.एस.पी मशकूर अहमद, एस.आइ. अहमद डार, ए.एस.आइ रियाज अहमद लोन, कांस्टेबल रशीद रसूल, एस.आइ रियाज अहमद, ए.एस.आई जगदीश सिंह, हेड कांस्टेबल हुसैन मीर, डी.एस.पी साहिल शर्मा, ए.एस.आई सगीर अहमद, एसपी ताहिर अशरफ, इंस्पेक्टर जावेद अहमद, मोहम्मद इरफान, हेड कांस्टेबल ताहिर अहमद, डीएसपी शाहजहां चौधरी, एएसआई मोहम्मद रफी मलिक, सलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल रियाज अहमद बाबा, फिरदौस अहमद, कांस्टेबल रियाज अहमद, डीएसपी अरविंद कुमार, कांस्टेबल जावेद अहमद, एसआई युसूफ उमर, हेड कांस्टेबल फिरोज अहमद लोन, एसआइ जहूर अहमद वानी, हेड कांस्टेबल शमी अहमद डार, डीएसपी राकेश अकरम, इंस्पेक्टर मुदस्सर अजीज, सलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल नजीर अहमद, डीएसपी मोहम्मद इदरीज वाणी, हेड कांस्टेबल खुर्शीद अहमद, फिरोज अहमद सलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल बिलाल अहमद, दाऊद अहमद फॉलोवर बशीर अहमद शेख, एसएसपी शमशीर हुसैन, हेड कांस्टेबल खुशाल हुसैन शाह, कांस्टेबल रियाज अहमद मीर, एसआइ प्रवीण कुमार, सलेक्शन ग्रेड कांस्टेबल तारिक अहमद खोजा और इंस्पेक्टर रविंदर पाल सिंह शामिल हैं।

सभी अपना कॉमेंट लिखें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

*

x

Check Also

पचास फीसदी क्षमता से आज  रेस्टोरेंट व बार और इंडोर खेल परिसर खुलेंगे

बिना वैक्सीनेशन या टेस्ट की नेगेटिव रिपोर्ट के इंडोर शापिंग कांप्लेक्स, माल, रेस्तरां या बार ...